बलदेव। भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दिन-रात बिजली कटौती की जा रही है। कई बार शिकायतों के बाद भी अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है। अब बिजली व्यवस्था से परेशान क्षेत्रवासियों ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के तेज पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों सुधीर अग्रवाल, ज्ञानेंद्र पांडेय, मुकेश अग्रवाल, सौरभ पांडेय, गौरव पांडेय, राजकुमार सोनी, गोपाल वर्मा, रमेश चंद्र पांडेय, उमेश पांडेय ने आरोप लगाया है कि बीते तीन वर्षों के दौरान क्षेत्र में विद्युत सुधार कार्यों के नाम पर योजनाएं संचालित हुईं, लेकिन किसी भी उच्चाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर वास्तविक समस्याओं का निरीक्षण नहीं किया। लगातार शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार कागजी दावों तक सीमित रहे। गर्मी के मौसम में लगातार बिजली की कटौती इसका प्रमाण है।
लोगों का आरोप है कि दिन के साथ-साथ रातों में भी बिजली की भरपूर कटौती की जा रही है। इसके कारण दिन में मेहनत करने वाले लोग रात को चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं। ऊर्जा मंत्री के तेज पोर्टल पर दर्ज शिकायत में मांग की गई है कि प्रदेश सरकार तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दे।