मथुरा। विगत वर्ष की तरह वर्ष 2020-21 में भी महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल राष्ट्रीय कायाकल्प अवॉर्ड पाने के लिए प्रयत्नशील है। इस अस्पताल में मूल्यांकन करने के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों ने दौरा किया था। सदस्यों ने अवॉर्ड के लिए निर्धारित अंक पाने के संबंध में अपने अपने मूल्यांकन किए।
जिला अस्पताल में मरीजों के इलाज की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए एवं स्वच्छता अभियान आदि कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2019-20 में इस अस्पताल में 70 अंक पाकर कायाकल्प अवॉर्ड पहली बार प्राप्त किया था। इस साल राष्ट्रीय कायाकल्प अवॉर्ड मिलने से उत्साहित होकर अस्पताल में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मी व चिकित्सकों ने संयुक्त रूप से वर्ष 2021-22 में भी कायाकल्प अवॉर्ड जीतने का संकल्प लिया है।
अस्पताल पहुंची मूल्यांकन टीम ने हॉस्पिटल के बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, इनफेक्शन कंट्रोल, सेनिटेशन एवं हाइजीन व अन्य क्षेत्रों में चेक प्वाइंट का स्कोर किया। टीम ने अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुकुंद बंसल एवं अन्य चिकित्सा कर्मियों व चिकित्सकों से मुलाकात की। हॉस्पिटल के क्वालिटी प्रबंधक ने टीम को महिला वार्ड, आइसोलेशन वार्ड, सर्जिकल वार्ड, बर्न वार्ड एवं आकस्मिक चिकित्सा वार्ड को दिखाया। वार्ड इंचार्ज एवं हॉस्पिटल स्टाफ ने टीम को अपने अपने कार्यों से अवगत कराया।