वृंदावन( मथुरा)। तीर्थ नगरी वृंदावन की सड़कों पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से समाधान मिलने की संभावना है। शहर के प्रमुख तिराहे और चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम तेजी से चल रहा है। इन सिग्नल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। इससे यातायात नियमों को तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि वृंदावन के श्रीबांकेबिहारी मंदिर के अलावा अन्य मंदिरों में दर्शन करने के लिए दूर-दूर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं, इनमें सबसे ज्यादा वाहन दिल्ली-एनसीआर के होते हैं। वाहनों की भीड़ से वृंदावन में जाम लगना आम बात हो गई है।
तीर्थ नगरी वृंदावन में हर शनिवार, रविवार के साथ त्योहारों पर सड़कें वाहनों की भीड़ के आगे घुटने टेक देती हैं। आए दिन सड़कें वाहनों के बोझ से जाम हो जाती हैं। वृंदावन में लगने वाले जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन और पुलिस ने कई उपाय किए लेकिन जाम की समस्या से मुक्ति नहीं मिली। अब जिला प्रशासन के आदेश के बाद वृंदावन के तिराहे-चौराहों के साथ प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जा रहे हैं। मथुरा वृंदावन रोड पर सौ शैय्या संयुक्त जिला अस्पताल के तिराहे पर इसका ट्रायल भी शुरू हो गया है।
ट्रैफिक सिग्नल से वृंदावन से मथुरा, मथुरा से वृंदावन और यमुना एक्सप्रेस वे की ओर जाने वाले वाहनों के कारण आए दिन लगने वाले जाम से मुक्ति मिलने की संभावना है। इधर, शहर में अटल्ला चुंगी परिक्रमा मार्ग चौराहा और अटल्ला चुंगी पर बांके बिहारी मंदिर मार्ग पर भी ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने का कार्य किया जा रहा है। वृंदावन कोतवाल अजय कौशल ने बताया कि रेड लाइट सिग्नल लगाए जाने के बाद वृंदावन शहर को जाम की समस्या से समाधान मिलने के आसार हैं। इससे वाहन रुक रुककर आगे बढ़ेंगे और तिराहे चौराहों पर एक दूसरे के सामने नहीं आएंगे।
वृंदावन में जाम की समस्या को कम करने के लिए तिराहे-चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरे के अलावा हर स्थान पर ट्रैफिक पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए हैं। यातायात के नियमों का सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। वाहनों को पार्किंग में ही खड़ा करने के लिए कहा गया है।
-डॉ.गौरव ग्रोवर, एसएसपी