केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री सुदर्शन भगत, सांसद हेमामालिनी, पार्टी महासचिव सरोज पांडे,
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र में मोदी सरकार के दो साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में यहां मंगलवार को मनाए गए विकास पर्व में बीएसएनएल और डाक विभाग की कई योजनाओं की नींव पड़ी। इनका शुभारंभ केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री रविशंकर प्रसाद ने किया। इनमें बीएसएनएल का नेक्स्ट जनरेशन नेटवर्क, श्रीकृष्ण जन्मस्थान और द्वारिकाधीश मंदिर सहित आगरा, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा के दस स्थानों के लिए वाई-फाई सुविधा और अमृत रिफार्म के तहत 635 निकायों की वेबसाइट का शुभारंभ खास रहे।
समारोह में रविशंकर प्रसाद ने ‘डिजिटल इंडिया से डेवलप इंडिया’ का नारा दिया। उन्होंने केंद्र सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां बताईं। कहा कि यह जश्न दिल्ली में भी हो सकता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों को स्वयं क्षेत्र में जाकर जनता को काम का हिसाब देने को कहा।
इसी के तहत वह यहां लोगों से रूबरू हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के केंद्र में विधवा, बेटियां, विद्यार्थी, युवा, बेरोजगारों का कल्याण है। आधार कार्ड के जरिए ही 60,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी सीधे लोगों के बैंक खाते में पहुंचाई गई। प्रधानमंत्री के आह्वान पर एक करोड़ लोगों द्वारा गैस सब्सिडी छोड़ने का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि देश जागता है, जगाने वाला चाहिए।
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री सुदर्शन भगत, सांसद हेमामालिनी, पार्टी महासचिव सरोज पांडे, संयुक्त सचिव संजीव मित्तल, जिलाध्यक्ष तेजवीर सिंह, मुख्य महाप्रबंधक उप्र पश्चिम राजीव कुमार, चीफ पोस्टमास्टर जनरल यूपी ब्रिगेडियर बी चंद्रशेखर, वरिष्ठ महाप्रबंधक बीएसएनएल जीपी त्रिपाठी भी समारोह के मंच पर उपस्थित रहे।