केंद्र सरकार के दो वर्ष पूरे होने की खुशी में मनाए जा रहे विकास पर्व के तहत मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री रविशंकर प्रसाद ने डिजिटल इंडिया-डेवलप इंडिया का नारा दिया। उन्होंने इस मौके पर बीएसएनएल और डाक विभाग की कई योजनाओं का अनावरण और शुभारंभ किया।
केंद्र सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों से अवगत कराया। बाद में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में यूपी में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।
शहर के एक होटल में मंगलवार को आयोजित विकास पर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल को सफलता पूर्वक पूरा करने का जश्न विकास पर्व के रूप में मनाया जा रहा है।
यह जश्न दिल्ली में बैठकर भी मनाया जा सकता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी केंद्रीय और राज्य मंत्रियों को स्वयं क्षेत्र में जाकर अपनी उपलब्धियों को बताने के निर्देश दिए हैं। इसमें एक केंद्रीय मंत्री, एक राज्य मंत्री और एक राष्ट्रीय पदाधिकारी को टीम के तौर पर शामिल किया गया है।
स्वयं पीएम मोदी ने सहारनपुर में अपनी उपलब्धियां बताई थीं। उन्होंने कहा कि वह भी सरकार और अपने विभाग की उपलब्धियां बताने के लिए श्रीकृष्ण नगरी मथुरा आए हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया की परिकल्पना में विधवा, बेटियां, विद्यार्थी, युवा, बेरोजगारों को ध्यान में रखा गया है।
डिजिटल इंडिया के तहत ही आधार कार्ड योजना संचालित की जा रही है। इन खातों में करीब 60,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी अब तक पहुंच चुकी है। आज पीएम मोदी के कहने पर एक करोड़ समृद्ध लोग गैस सब्सिडी छोड़ चुके हैं। देश जागता है, जगाने वाला चाहिए की थीम पर देश को जगाया जा रहा है।
इसके बाद पास ही एक गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों को दो वर्ष के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को जनता के मध्य जाकर बताने और विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया।
इन योजनाओं का किया अनावरण, शुभारंभ
- बीएसएनएल के नेक्स्ट जनरेशन नेटवर्क का अनावरण।
- मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान और द्वारिकाधीश मंदिर सहित आगरा, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा के दस स्थानों पर वाई-फाई सुविधा का शुभारंभ।
- जिले के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए मोबाइल टावर का लोकार्पण।
- डाक विभाग की ओर से वात्सल्य ग्राम में खोले गए नए डाकघर और वृंदावन डाकघर में लगाए गए एटीएम का उद्घाटन।
- डाकघर की माई स्टांप योजना का अनावरण।
- एनआईसी के परीक्षा सॉफ्टवेयर का शुभारंभ।
- अमृत रिफार्म के तहत 635 निकायों की वेबसाइट का अनावरण।
- ई-वेस्ट ट्रेनिंग मॉड्यूल का विमोचन।
- वृंदावन की विधवा आशा बेन, ज्योत्सना घोष और माता श्रीमती को आधार कार्ड वितरण।
- एनआईईएलआईटी के तहत अभ्यर्थियों को ट्रिपल सी प्रमाणपत्र का वितरण।
- उज्ज्वला गैस योजना के तहत बीपीएल कार्ड धारकों को निशुल्क गैस वितरण।
- कॉमन सर्विस सेंटर संचालिकाओं को पुरस्कृत कर सम्मानित।