मथुरा। थाना बलदेव क्षेत्र के एक गांव में फौजी की पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि चार आरोपी उसे खेत में खींचकर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस मामले की शिकायत थाना पुलिस से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बाद में एसएसपी से शिकायत की गई तब एसएसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
बलदेव क्षेत्र के गांव निवासी फौजी की पत्नी का आरोप है कि 19 जनवरी की रात को वह घर के बाहर बच्चे को शौच करा रही थी तभी चार युवक उसे खींचकर खेत में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसकी जानकारी परिजनों को दी तो रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे, लेकिन वहां पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। तब 22 जनवरी को एसएसपी से मिले।
एसएसपी के निर्देश पर राकेश, भूरा, सत्तो और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर थाना पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया है। कार्यवाहक थाना प्रभारी दिलीप कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।