जम्मू बस हादसे में घायल महावन व बलदेव के श्रद्धालु अपने घर लौटकर आने लगे हैं। महावन के लोका नगला को रणवीर सिंह बेटी गीता के साथ शनिवार रात को घर लौटे। उनकी पत्नी अमरवती देवी का दायां पैर टूट गया है। वह जम्मू के ही अस्पताल में भर्ती हैं। उनका सोमवार को ऑपरेशन होगा। इसके बाद वह रिकवर होने पर घर वापस आएंगी। उनके साथ परिजन वहां रुके हैं।
रणवीर सिंह ने बताया कि बस सामान्य रूप से पहाड़ी पर चल रही थी। सभी लोग भक्ति में डूबे हुए थे। बस में कीर्तन चल रहा था। इसी दौरान बस के आगे कार आई और चालक नियंत्रण खो बैठा। अचानक तेज आवाज हुई। लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले बस खाई में जा गिरी थी। लोग चीख रहे थे। बचाव को पुकार लगा रहे थे।
वह बताते हैं कि चीख-पुकार के बीच लोग बेहोश होने लगे। उनकी आंख व शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट आई। करीब दो घंटे तक बस में फंस रहे। इसके बाद राहत बचाव दल पहुंचा। उन्होंने बताया कि वह चोटिल हालत में बस में परिजनों को खोजने लगे। लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरे पड़े थे। उन्होंने परिजनों को बाहर की ओर खींचा। अन्य लोगों पर भी सामान गिरा पड़ा था। उनसे सामान भी हटाया। वह बताते हैं कि मौत को नजदीक से देख वह कांप गए। काफी समय तक तो खुद के जिंदा होने पर यकीन नहीं हुआ। उनके परिवार के कई लोगों को बहुत कुछ इस हादसे में गंवाना पड़ गया है।