वृंदावन (मथुरा)। ब्रज के मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव दीपावली के बाद कार्तिक पूर्णिमा तक चलता है। इसी के चलते पंचमी को तीर्थनगरी के विभिन्न मंदिरों में अन्नकूट सजाया गया।
विज्ञापन
रंगनाथ मंदिर में शुक्रवार को अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर के जगमोहन में भगवान रंगनाथ के पास 108 प्रकार के व्यंजन अर्पित किए। भक्त इस दिव्य दर्शन को देख भक्ति में सराबोर हो गए। महोत्सव में सवा मन चावल के गिर्राज पर्वत बनाया गया। भगवान गोदा रंगमन्नार एक हाथ में मुरली तो दूसरे हाथ की उंगली पर गोवर्धन पर्वत धारण किये थे। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
स्वामी रघुनाथ, स्वामी यतिराज, स्वामी रंगा, अनघा श्री निवासन, रम्या रंगाचार्य, माल्दा गोवर्धन, विजय मिश्र, चक्रपाणि मिश्रा, राकेश दुबे, मोहन हरि चौधरी, लखन लाल पाठक आदि उपस्थित रहे। वहीं गोपेश्वर मार्ग स्थित गोदाविहार, पत्थरपुरा स्थित सिंहपौर हनुमान, अठखंबा स्थित नरसिंह मंदिर, रंगजी नगला के गोदा हरदेव मंदिर, चैतन्य विहार के दिव्यदेश आदि प्रमुख मंदिरों में भी अन्नकूट व गिर्राज पूजन का भव्य आयोजन किया गया।