केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के उपक्रम इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र दिल्ली की ओर से देश के विभिन्न स्थानों की ख्याति प्राप्त रामलीलाओं की विशेषताओं के संबंध में विचार संगोष्ठी आयोजित की गई।
इसमें उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष मोहनस्वरूप भाटिया ने कहा कि मथुरा में भगवान श्रीराम के प्रति अगाध श्रद्धा रही है, इस कारण गांव, कस्बों और नगरों में बड़ी संख्या में रामलीलाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि मथुरा की रामलीला में कलाकार नहीं ‘स्वरूप’ की प्रतिष्ठा है।
उन्होंने कहा कि मथुरा के निवासियों में मूलत: धार्मिक भावना रही है। रामलीला के पात्रों में भी यह भावना रहने के कारण वे अपनी भूमिका के अनुरूप चरित्र को आत्मसात कर लेते हैं। व्यासपीठ पर विराजमान स्वामी के पुत्र यदि राम की भूमिका करते हैं तो लीला शुरू होने से पूर्व वह उनका चरण स्पर्श करते हैं।
इस स्वरूप में वह पुत्र के नहीं साक्षात भगवान श्रीराम के दर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि मथुरा की रामलीला गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित श्रीरामचरितमानस पर आधारित होती है, लेकिन उसमें ब्रजभाषा के कवियों की रचनाओं और लोक संगीत का समावेश भी अनूठी विशिष्टता है।
यहां की रामलीला मंडलियां राजधानी दिल्ली, मुंबई आदि प्रमुख महानगरों में आग्रह के साथ आमंत्रित की जाती हैं। इस अवसर पर आचार्य श्रीवत्स गोस्वामी, अयोध्या प्रसाद गुप्ता कुमुद आदि प्रबुद्ध विचारकों के अतिरिक्त जन संपदा विभागाध्यक्ष डा. मौल्ली कौशल भी उपस्थित रहीं।