वात्सल्य ग्राम के विद्यालय वैशिष्ट्यम् की ओर से विश्व विकलांग दिवस के अवसर पर विकलांग समारोह का शुभारंभ मंगलवार को प्रेरणा मैराथन दौड़ से हुआ। साध्वी ऋतंभरा ने प्रतिभागी विकलांगों को ओलंपिक मशाल देकर दौड़ का शुभारंभ किया।
सुबह बिरला मंदिर से शुरू हुई दौड़ में विकलांग बच्चे स्केटिंग करते हुए दौड़ रहे थे। उनके पीछे मशाल लिए बच्चे और महर्षि दयानंद पुनर्वास संस्थान, पंकज स्पास्टिक सेंटर, स्वर्ण इंटरकालेज, एएचएम स्कूल, रतनलाल फूलकटोरी देवी विद्या मंदिर के बच्चे झंडा, बैनर लेकर कतारबद्ध चल रहे थे। दौड़ का समापन वात्सल्य ग्राम में समविद् गुरुकुलम् में हुआ।
]
दोनों पैरों से विकलांग ऑस्कर विजेता और राष्ट्रपति द्वारा सम्मानति डांसर डांस इंडिया डांस में अपना नाम करने वाले बड़ौदा से आए कमलेश पटेल ने हाथों के बल पर अपनी डांस प्रस्तुति देकर सभी को चकित कर दिया। दोनों हाथों से विकलांग अहमदाबाद से धवल खत्री, आगरा के देवेंद्र कुमार, भागवताचार्य मुकेशचंद्र शास्त्री को साध्वी ऋतंभरा ने सम्मानित किया।
साध्वी ने कहा कि विकलांगता को समाज अभिशाप समझता है, लेकिन आज इन विकलांगों की प्रस्तुति ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि मन में उत्साह और विश्वास हो तो तन की विकलांगता हमारी प्रतिभा को रोक नहीं सकती।
कमलेश पटेल ने कहा कि व्यक्ति का सबसे बड़ा बल आत्मबल होता है। प्रभु यदि शरीर में कोई कमी करता है तो अलग से कोई हुनर दे देता है। धवल खत्री ने कहा कि व्यक्ति में मन की ललक और पहल करने का साहस ही उसे उन्नति के शिखर तक पहुंचाता है।
इस अवसर पर पंकज स्पास्टिक सेंटर एवं महर्षि दयानंद पुनर्वास के बच्चों ने नृत्य और नाटिका भी प्रस्तुत किए। इसके बाद मूक बधिर बच्चों ने सांकेतिक राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जीएल बजाज के संस्थापक रामकिशोर अग्रवाल, डॉ. पंकज गुप्ता, ज्ञानेष वार्ष्णेय, सतीश कुमार भारद्वाज, धनन्जय तिवारी, साध्वी शिरोमणि, डा. अभय कुमार राय, विभोर प्रकाशम, देवेन्द्र दुवे, मीनाक्षी अग्रवाल आदि मौजूद रहे।