वृंदावन। अपहरण का आरोप लगाकर कोतवाली में मुकदमा लिखाने वाले भागवत प्रवक्ता का शराब परोसते और पीते वीडियो वायरल होने के बाद तीर्थ नगरी में विरोध के स्वर मुखर हो रहे हैं। मंगलवार शाम हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने इसे धर्म संस्कृति को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए भागवताचार्य राजराजेश्वर गोस्वामी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। हिंदूवादियों ने कहा कि अब ऐसे भागवताचार्य को पूज्य व्यास गद्दी पर नहीं बैठने दिया जाएगा।
विविद है कि शहर की पॉश ओमेक्स इटर्निटी सोसायटी में रहने वाले राजराजेश्वर गोस्वामी उर्फ राजेश पांडेय लगातार चर्चाओं में बने हुए हैं। पिछले दिनों प्रॉपर्टी के विवाद में अपने विरोधियों पर अपहरण के प्रयास का आरोप लगाकर कोतवाली में मुकदमा लिखवाया था। दो दिन पूर्व उनका शराब परोसते, पीते और सिगरेट पीने के साथ पत्नि के साथ मारपीट करने का वीडियो वायरल हुआ था। उनके इस कृत्य का वृंदावन नगरी में विरोध शुरू हो गया है।
हिंदूवादी कार्यकर्ता रमेश पुजारी ने इसे धर्म संस्कृति को बदनाम करने वाला मामला बताते हुए प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। रमेश पुजारी ने कहा कि धर्म का चोला पहनकर ऐसा करने से ब्रज की छवि देश विदेश में धूमिल होती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे लोगो की जांच करवाकर मुकदमा लिखने की मांग की है। इस अवसर पर कन्हैया निषाद, भोला शर्मा, विवेक कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।