मथुरा। नौहझील क्षेत्र के ग्राम घड़ी सामंता में 13 जून 2026 को हुई युवक की हत्या के मामले में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बसपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस मामले में पार्टी के जिला स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाध्यक्ष जितेंद्र कर्दम के नेतृत्व में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष विवेचना की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे पीड़ित परिवार में रोष व्याप्त है तथा मामले की विवेचना पर भी सवाल उठ रहे हैं। बसपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई प्रभावित होती दिखाई दे रही है।प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए तथा समयबद्ध ढंग से न्यायालय में आरोप-पत्र प्रस्तुत किया जाए, जिससे पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके।
इस दौरान भाईचारा कमेटी के आगरा मंडल प्रभारी सत्य प्रकाश कर्दम, ओमप्रकाश बघेल, आगरा मंडल जोन प्रभारी सुरेश बाबू, हेमेंद्र कुमार, आगरा मंडल जोन प्रभारी नरेश सिंह, जिला महासचिव पवन बघेल, जिला कोषाध्यक्ष डॉ. हाजी राज, जिला सचिव कौशल किशोर कर्दम, जिला कार्यकारिणी सदस्य प्रहलाद सिंह बाबू, भानु प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह, विवेक सिंह, पूर्व विधायक प्रतिनिधि प्रेमचंद कर्दम तथा वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेम प्रकाश आदि उपस्थित रहे।