मथुरा। गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। तापमान में बढ़ोतरी होने के साथ ही गर्म हवा परेशान करने लगी है। सोमवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि मौसम में बदलाव से मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
इस समय अस्पताल में गर्मी से बीमार हुए लोग ही भर्ती हैं। सबसे ज्यादा वायरल बुखार, खांसी, पेट दर्द और गर्मी लगने से उल्टी के मरीज बढ़े हैं। चिकित्सकों ने बताया कि तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे घर से बाहर निकलने वाले लोग गर्म हवा की चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को अस्पताल की इमरजेंसी में 270 से अधिक मरीज विभिन्न बीमारी के पहुंचे।
चिकित्सकों ने बताया कि जिस तरह से मौसम गर्म हो रहा है। उसे देखते हुए आने वाले दिनों में लू के थपेड़े लोगों को ज्यादा परेशान करेंगे। सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि गर्मी के मौसम में हमें अपने स्वास्थ्य को लेकर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। तरल पदार्थ अधिक से अधिक लें।
क्या बरतें सावधानियां
-दोपहर 12 से शाम चार बजे तक बाहर जाने से बचें।
-जितना संभव हो पानी पीएं, प्यास न होने पर भी पानी पीएं।
-हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।
- छाता, टोपी, जूते का इस्तेमाल करें।
- बाहर जाते समय पानी की बोतल अपने साथ रखें।
- यदि बीमार या कमजोरी महसूस कर रहे हैं तो डॉक्टर से संपर्क करें।
- ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन करें।