वृंदावन। भारतीय क्रिकेट टीम अंडर-19 के एशिया कप के रविवार को होने वाले फाइनल मैच में विजय की कामना के लिए शनिवार को ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में ब्रजवासियों ने पूजा-अर्चना की। श्रीहरिदास पीठाधीश्वर आचार्य प्रहलाद वल्लभ गोस्वामी के सानिध्य में यह आयोजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच क्रिकेट बैट और बॉल पर मंगल तिलक लगाया।
दुबई में चल रहे एशिया कप के रविवार को होने वाले फाइनल मैच में बांग्लादेश पर भारतीय क्रिकेट टीम की विजय की कामना ठाकुरजी से की गई। साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम अंडर-19 में ब्रज में पले व बढ़े हुए मुख्य गेंदबाज चेतन शर्मा के उज्जवल भविष्य को लेकर भी कामना की।
ब्रजवासियों ने एक स्वर से कहा कि कृष्ण कन्हैया की क्रीड़ास्थली श्रीधाम वृंदावन की पवित्र धरा पर खेलना सीखे चेतन शर्मा ने अपनी धारदार गेंदबाजी से भारतीय क्रिकेट टीम को एशिया कप के फाइनल तक पहुंचाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका अदा की और अब हम सभी बिहारीजी से कामना करते हैं कि फाइनल मैच में चेतन शर्मा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम को विजयी बनाएं।
हाथों में चेतन शर्मा और भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के पोस्टर लेकर बांकेबिहारी के पूजन अर्चन के लिए पहुंचे ब्रजवासियों का जोश देखते ही बन रहा था। इससे पूर्व ठाकुरजी के सेवायत मयंक गोस्वामी और विप्रांश वल्लभ गोस्वामी के संयुक्त नेतृत्व में बांकेबिहारी की पूजा-अर्चना की। रासाचार्य देवेंद्र शर्मा, कमल शर्मा, दुष्यंत शर्मा, नृत्यगोपाल शर्मा, शुभम शर्मा, दानबिहारी शर्मा, डॉ. सचिन अग्रवाल आदि मौजूद थे।