मथुरा। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शुक्रवार देर रात मथुरा के कृष्णानगर विद्युत उपकेंद्र से प्रदेश के सभी डिस्कॉम की समीक्षा की। इसमें चेयरमैन, एमडी यूपीपीसीएल, सभी डिस्कॉम के एमडी, चीफ इंजीनियर और एसई स्तर के सभी अधिकारी विद्युत उपकेंद्रों से वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता रात को चैन से सोएं, इसकी पूरी तैयारियां दिन में कर लें।
ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिया कि लगातार 24,000 मेगावाट से अधिक की रिकॉर्ड मांग के बीच निर्बाध आपूर्ति के लिए लोड असेसमेंट और लोड बैलेंसिंग के कार्य लगातार हों। निर्बाध आपूर्ति में आने वाले फॉल्ट तत्काल दूर हों। यह डिस्कॉम के एमडी सुनिश्चित करें। यूपीपीसीएल अध्यक्ष इसकी लगातार निगरानी करें। गांव में एक जगह फॉल्ट हो तो पूरे फीडर को बंद न करें।
शहरों में अंडरग्राउंड केबलिंग वाले क्षेत्रों में पर्याप्त फॉल्ट लोकेटर हों। ओवरलोडेड सब स्टेशनों को जोड़कर लोड बांटें। गांव व शहर में फॉल्ट तत्काल दूर हों। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि तीन महीने तक के बकाएदारों के डिस्कनेक्शन न करें, उन्हें कॉल करें और बिल भरने के लिए प्रेरित करें।