मथुरा। पॉलिटेक्निक संस्थानों में बुधवार से सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हो रही हैं जो 17 जून तक चलेंगी। जिले में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 1671 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी।
परीक्षा नोडल अधिकारी अतुल शर्मा ने बताया कि सेमेस्टर परीक्षाएं 14 मई से शुरू होंगी। परीक्षा में नकल पर अंकुश लगाने के लिए प्राविधिक शिक्षा परिषद ने उड़नदस्ते का गठन किया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी की नजर रहेगी। परीक्षा तीन केंद्रों पर होगी। इसमें राजकीय पॉलिटेक्निक कोटवन, पीएमवी पॉलिटेक्निक कॉलेज, श्री अनार देवी खंडेलवाल महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित होगी।
नोडल अधिकारी ने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 436 छात्र-छात्राएं तथा पीएमवी कॉलेज में 1011 छात्र-छात्राएं और श्री अनार देवी खंडेलवाल में 224 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही कॉलेज के प्रवेश गेट पर पुलिसबल भी तैनात किए जाएंगे।