मथुरा। वृद्ध की हत्या का खुलासा सदर बाजार पुलिस बुधवार को कर सकती है। पुलिस ने हत्यारोपी को हिरासत में ले लिया है। वृद्ध का हत्यारोपी नजदीक ही निकला है। फिलहाल पुलिस पूछताछ करते हुए हत्या में प्रयोग हथौड़े को बरामद करने में जुटी हुई है।
२५ अप्रैल को थाना सदर बाजार की अशोक विहार कॉलोनी निवासी हुकुम चंद सैनी(८०) सबसे छोटे बेटे नितिन के घर की पहली मंजिल की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान सिर में प्रहार करके उनकी हत्या कर दी गई थी। सदर बाजार पुलिस ने हत्यारोपी को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूछताछ करके उससे सच उगलवा रही है।
उधर दो टीमें हत्या में प्रयोग हथौड़े को बरामद करने में जुटीं हैं। हत्यारोपी छत पर कैसे पहुंच और कहां से चढ़ा, यह मंगलवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा। हत्याकांड का बुधवार को सदर बाजार पुलिस खुलासा कर सकती है। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि हत्या के खुलासे के नजदीक पुलिस पहुंच चुकी है। मालूम हो कि हत्या के पीछे एक करोड़ रुपये का मुआवजा माना जा रहा है।
बुजुर्ग हुकुम सिंह को जमीन अधिग्रहण के बदले एक करोड़ रुपये मुआवजा मिलना था। पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला है कि उन्हीं रुपयों को हड़पने के लिए हत्या की गई है।