मथुरा। इस बार दिवाली पर कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। छुटपुट झगड़ों के साथ दिवाली का त्योहार शांतिपूर्वक गुजर गया। शांतिपूर्वक त्योहार के संपन्न होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली है। अब पुलिस गोवर्धन के त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने की तैयारी में जुट गई।
राया में पिछले साल आतिशबाजी के बाजार में आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई थी। इस बार ऐसा न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पूरा चौकसी रखी। पटाखा बाजार में पुलिसकर्मियों और अग्निशमन दल के कर्मचारी तैनात रहे। इसके साथ ही पुलिसकर्मी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। ताकि कहीं पर कोई झगड़ा आदि न हो। दिवाली पर छुटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो दिवाली का त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
अब पुलिस प्रशासन गोवर्धन पूजा को शांतिपूर्वक कराने की तैयारी में जुट गई है। शनिवार को घर-घर में गोवर्धन की पूजा होगी। लोग सामूहिक रूप से भी गोवर्धन की पूजा करते हैं। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार झगड़े आदि की वारदात हो जाती हैं।
इसलिए एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने सभी अधीनस्थों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लेने और मौके पर जाकर जानकारी की सख्त हिदायत दी है। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना और चौकी प्रभारी को निर्देशित किया गया है। वह अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखे हैं।
गोवर्धन में 80 ट्रैफिककर्मी संभालेंगे यातायात व्यवस्था
मथुरा। गिरिराजजी की नगरी में शनिवार को गोवर्धन महाराज की पूजा होगी। इसके लिए बाहर से भी श्रद्धालु अपने वाहनों से आएंगे। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें जाम का सामना न करना पड़े इसके लिए 80 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। एसपी यातायात मनोज कुमार यादव ने बताया कि गोवर्धन पूजा के लिए सिविल पुलिस के अलावा 80 ट्रैफिक कर्मी तैनात रहेंगे।
जो कि जाम की व्यवस्था को संभालेंगे। सभी ट्रैफिक कर्मचारियों की ड्यूटी ऐसे प्वाइंट पर लगाई है जहां पर जाम की समस्या होती है। पूरा प्रयास किया जाएगा कि स्थानीय और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को ट्रैफिक के कारण परेशानी न हो। ड्यूटी पॉइंट से कोई ट्रैफिककर्मी गायब न हो इसकी जिम्मेदारी सीओ यातायात को सौंपी गई है। संवाद