मथुरा। फरह में पुलिस फोर्स के साथ पैदल गश्त करते एसपी सिटी व अन्य।
- फोटो : mathura
मथुरा। अलविदा जुमा की नमाज को शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। शहर को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके साथ ही सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है। शांतिपूर्ण नमाज अदा कराने के लिए 400 के करीब पुलिसकर्मी और एक प्लाटून पीएसी के जवानों की तैनाती की गई है। एसपी सिटी ने फरह में पैदल गश्त कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की लोगों से अपील की।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि अलविदा जुमा की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए अधीनस्थों को निर्देशित कर दिया है। जिले में सभी थानों से मस्जिदों के पास पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। नमाज मस्जिद के अंदर होगी, सड़क पर नमाज पढ़ने की किसी को इजाजत नहीं है।
एसपी सिटी डॉ.अरविंद कुमार ने बताया कि शहर को 4 सेक्टरों में बांटकर सेक्टर स्कीम लागू कर दी है। कोतवाली, गोविंद नगर और सदर थाना क्षेत्रों में प्वाइंट बनाकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ही झूलेलाल जयंती है। इस मौके पर सिंधी समाज के लोग शोभायात्रा निकालते हैं। शोभायात्रा की सुरक्षा के लिए भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। फ्लैग मार्ग में सीओ रिफाइनरी स्वेता वर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।