वृंदावन। पानीगांव स्थित नए पुल पर भाजपा नेता प्रमेंद्र गोस्वामी उर्फ पम्मी को गोली मारने की घटना के दो दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। भाजपा नेता के बयान और हुलिया बताए जाने के बावजूद पुलिस बाइक सवार हमलावरों की पहचान तक नहीं कर सकी है, हालांकि पुलिस टीम ने घटनास्थल के संपर्क मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। इधर मथुरा के अस्पताल में भर्ती भाजपा नेता की हालत में सुधार है।
बृहस्पतिवार देर रात पानीगांव स्थित अपने रिश्तेदार के कार्यालय से स्कूटी द्वारा घर आ रहे वनखंडी क्षेत्र व्यास घेरा निवासी भाजपा नेता प्रमेंद्र गोस्वामी उर्फ पम्मी को पानीगांव के नए पुल पर बाइक सवार आधा दर्जन हमलावरों ने मारपीट कर गोली मार दी। मामले में उनके छोटे भाई दयाल कृष्ण गोस्वामी ने अज्ञात सात हमलावरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई।
एसएसपी के निर्देश पर वृंदावन कोतवाली के साथ यमुनापार थाने की पुलिस भी हमलावरों की पहचान करने में जुटी है, लेकिन इस मामले में लगी तीन पुलिस टीमें घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी हमलावरों की पहचान तक नहीं कर सकी हैं। पुलिस ने भाजपा नेता के बयान के आधार पर जहां-जहां स्कूटी से गुरुवार को गए थे वहां और उसके आसपास के संपर्क मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। लगभग 150 कैमरे खंगालने के बाद भी हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि भाजपा नेता पम्मी गोस्वामी के मामले में तीन टीमें लगी हैं। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। हमलावरों की पहचान की जा रही है। संपर्क मार्ग पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। प्रयास जारी है, जल्द ही हमलावर पकड़े जाएंगे।