मथुरा। पार्षद पति तिलकवीर चौधरी समेत पांच आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस पार्षद पति का चालक समेत अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बीएसए कॉलेज रोड स्थित सियाराम वाटिका में बीते माह 12 मार्च को डीग (राजस्थान) से आई बरात में पार्षद पति व उसके समर्थकों ने जमकर बवाल किया था। आरोपियों ने फायरिंग भी की थी, जिससे एक महिला घायल हो गई थी। एसएसपी के आदेश पर बीएसए चौकी प्रभारी ने पार्षद पति समेत 10 नामजद व दोनों पक्षों के 32 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
कुछ पुलिस अधिकारियों के शह में आरोपी 22 दिन तक इधर-उधर छुपते रहे, लेकिन पुलिस की किरकिरी होने के बाद शुक्रवार को आरोपियों को नोएडा पकड़कर लाई। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि शनिवार को सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस ने देर रात पार्षद पति के चालक को भी दबोच लिया है।
पिस्टल और राइफल का लाइसेंस निरस्त
शादी समारोह में जिस पिस्टल और राइफल से फायरिंग हुई थी, उनके लाइसेंस प्रशासन ने निरस्त कर दिए हैं। घटना के दौरान पुलिस ने आरोपियों से असलहा बरामद किए थे। इसके बाद लाइसेंस निरस्त करने के लिए प्रशासन को पत्र लिखा था।