मथुरा। कोतवाली पुलिस ने दो टटलुओं को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों टटलुओं ने आठ दिन पहले कृष्णानगर में एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये ठग लिए थे। इनके पास से 40 हजार की नकदी, असली सोने का सिक्का, एक कार और 440 नकली सोने के सिक्के बरामद किए हैं।
कोतवाली के कृष्णानगर में 18 नवंबर को देवेश कुमार पुत्र स्व. ओमप्रकाश निवासी कुम्हेरिया, हाईवे से 50 हजार रुपये ठगे गए थे। यह ठगी पकड़े गए टटलुओं ने पर्ची खींचने पर दोगुने रुपये का लालच देकर की थी। कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह और एसआई विनय कुमार ने बताया कि पकड़े गए शाहिद पुत्र रहमतउल्ला निवासी सिरौली थाना पुन्हाना(हरियाणा) और जुबैर पुत्र नसीबा निवासी छिवाना थाना भिवाड़ी(राजस्थान) है।
यह टटलू सोने का असली दिखाकर नकदी हड़पने के बाद नकली सोने का सिक्का थमा देते हैं। काफी शातिर टटलू अपने गैंग के साथ वारदात को अंजाम देते हैं। अभी तक यह टटलू गैंग सैकड़ों लोगों से लाखों रुपए हड़प चुके हैं।