वृंदावन। सोशल मीडिया पर धार्मिक प्रतीकों के साथ हो रहे मजाक और आस्था से खिलवाड़ के खिलाफ जम्मू से आई महिला सीता ने शुक्रवार को श्रीबांकेबिहारी मंदिर में न्याय की गुहार लगाई।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पालतू जानवरों को राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजाकर अपमानजनक वीडियो और तस्वीरें साझा की जा रही हैं जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं।
सीता ने बताया कि यह सिलसिला श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के समय से शुरू हुआ था जब कई प्लेटफार्मों पर जानवरों को मोर मुकुट, पीतांबर और बांसुरी जैसे भगवान श्रीकृष्ण के प्रतीकों से सजाकर वीडियो वायरल किए गए। कुछ में जानवरों को माखन-मिश्री का भोग लगाते हुए भी दिखाया गया।
धर्म की इस अवमानना से व्यथित होकर सीता एक बार फिर धर्मनगरी वृंदावन पहुंचीं और विद्यापीठ चौराहे पर पोस्टर लेकर लोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने संत-महंतों से इस मुद्दे पर आवाज उठाने और धर्म की रक्षा में साथ देने की मांग की।