मथुरा के रिफाइनरी क्षेत्र में गाड़ी से पिस्टल चोरी होने के मामले में पीड़ित ने एसएसपी और जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत कर की है। उसने रिफाइनरी पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी कार से लगभग एक हफ्ता पहले पिस्टल चोरी हो गई थी। वह इसकी रिपोर्ट दर्ज करवाने गया तो पुलिस ने उसे और उसके चचरे भाई को ही हिरासत में ले लिया। काफी मिन्नतों के बाद जामा तलाशी लेकर उन लोगों को छोड़ा और सामान भी जब्त कर लिया।
जितेंद्र प्रताप सिंह निवासी जैंत कोतवाली वृंदावन ने दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि 5 अक्तूबर को करीब शाम 5 बजे अपनी एक्सयूवी कार को मथुरा रिफाइनरी गेट नंबर एक के सामने खड़ी करके गर्ग प्रिंटिंग प्रेस पर आवश्यक कार्य से चले गए। जल्दबाजी में उनकी पिस्टल गाड़ी में ही रखी रह गई। जब वह काम निपटा कर वापस आए तो उन्हें पिस्टल गायब मिली। घटना के समय उनके साथ गांव जैंत निवासी संजय भी मौजूद थे।
इसके बाद उसी दिन इस घटना की जानकारी देने वह और उनके चचेरे भाई हरेंद्र प्रताप के साथ थाना रिफाइनरी पहुंचे। आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी उनकी बात सुनकर आग बबूला हो गए और गाली गलौच करते हुए मारपीट पर उतर आए। जामा तलाशी लेकर सारा सामान जमाकर तीन घंटे तक हिरासत में रखा। काफी मिन्नत करने पर सुपुर्दगी में छोड़ा। साथ ही जेल में डालने की धमकी देकर पिस्टल गिर जाने की तहरीर ली।
इसके बाद भी अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस संबंध में पूछे जाने पर एसएचओ ने बताया कि पीड़ित के मारपीट आदि के आरोप असत्य और निराधार है। फिलहाल पुलिस ने पिस्टल कहीं गिरने की सूचना दर्ज कर ली है।
जानकारी में मामला आ गया है। इसकी जानकारी करवाई जा रही है।-
एमपी सिंह, एसपी, सिटी