मथुरा। शहर में पाइपलाइन की शिफ्टिंग के चलते गंगाजल की आपूर्ति ठप है। इससे दो दर्जन वार्डों के लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। पहले ही दिन सुबह से पानी की मांग को लेकर जलकल विभाग के कार्यालय में फोन की घंटियां घनघनाने लगीं। दिनभर लोग अपने क्षेत्रों में टैंकर भेजने की गुहार लगाते रहे। जलकल विभाग ने करीब 36 टैंकरों से विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति कराई।
रेलवे लाइन कार्य के कारण नए बस स्टैंड पर गंगाजल की मुख्य पाइपलाइन को शिफ्ट करने का कार्य सोमवार से शुरू हो गया। इससे करीब दो दर्जन वार्डों में गंगाजल आपूर्ति बाधित रही। यह कार्य 14 फरवरी तक चलेगा। विभाग ने टैंकरों से जलापूर्ति कराने की व्यवस्था की है। पानी न आने से दैनिक कार्यों के लिए लोग यहां-वहां भटकते रहे। कुछ लोगों ने पानी खरीदकर काम चलाया। महाप्रबंधक जल अनवर ख्वाजा ने बताया कि विभाग का टॉल फ्री नंबर जारी किया गया है, लोगों के कॉल आने पर जलापूर्ति कराई जा रही है।