गर्मी आते ही आराध्य श्रीबांकेबिहारी को शीतलता के लिए मंदिर में 29 मार्च (आज) से फूल बंगला सजाए जाएंगे। अधिक मास होने के कारण इस बार एक माह अधिक आराध्य श्रीबांकेबिहारी बंगला में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। इस बार ठाकुरजी के बंगला के लिए भक्तों को अब दस गुना शुल्क श्रीबांकेबिहारी मंदिर कार्यालय में जमा करना होगा।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर में गर्मियों के दिनों में ठाकुरजी को शीतलता प्रदान करने के लिए सुगंधित पुष्पों के बंगला के बीच विराजमान किया जाता है। यह ठाकुरजी की प्राचीन सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्रीबांकेबिहारी हाईपावर्ड प्रबंध समिति ने व्यवस्थाओं में कई बदलाव किए हैं। गत वर्ष तक ठाकुरजी के फूल बंगला सजाने के लिए भक्तों द्वारा मंदिर सेवायत के माध्यम से मंदिर प्रबंध कार्यालय में 15 हजार रुपये शुल्क जमा किया जाता था, जिसे अब दस गुना बढ़ाकर एक लाख 51 हजार रुपये कर दिया है।