परिक्रमा मार्ग पर अतिक्रमण हटाते निगमकर्मी।
वृंदावन। आखिरकार व्यवस्थाओं में सुधार की मुहिम रंग ले आई। इसी माह 17 तारीख से शुरू होने वाले पुरुषोत्तम मास से पहले स्थानीय प्रशासन के निर्देशन में कार्यदायी संस्था उज्ज्वल ब्रज ने कच्चे परिक्रमा मार्ग की दशा सुधारने का कार्य शुरू कर दिया है। मंगलवार को कच्चे परिक्रमा मार्ग पर हो रहे अतिक्रमण को हटवाया गया। मार्ग से कंक्रीट हटाकर बालू बिछाई जाएगी। परिक्रमार्थियों को गंदगी का सामना न करना पड़े इसके लिए 20 सफाईकर्मी और बढ़ाए जा रहे हैं। परिक्रमा मार्ग में सुविधाएं बढ़ने से भक्त राधे-राधे के जयघोष के साथ निर्विघ्न परिक्रमा लगा सकेंगे।
अमर उजाला ने परिक्रमा मार्ग की बदहाली को लेकर अभियान चलाया। इस दौरान मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन समेत अन्य स्थानों पर परिक्रमा मार्ग की दुर्दशा को उजागर किया गया। वृंदावन से भी सात मई को खबर प्रकाशित होने पर स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ। पुरुषोत्तम मास में देश-विदेश से लाखों भक्त नगर की पंचकोसी व ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा करेंगे। मंदिरों एवं आश्रमों में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। जगह-जगह भंडारे और प्याऊ लगाई जाएंगी।
एसीएम राजेंद्र चौधरी, अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक के निर्देशन में पुलिस की मौजूदगी में ईटीएफ और कार्यदायी संस्था ने रमणरेती क्षेत्र से अटल्ला चुंगी चौराहा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कच्चे परिक्रमा मार्ग पर लगी दुकान, रेहड़ियों को हटाकर उसे खाली कराया। टीम ने अतिक्रमणकारियों का पुन: अतिक्रमण न करने को कहा है।
उज्ज्वल ब्रज संस्था के प्रबंधक कुलदीप दीक्षित ने बताया कि अधिक मास शुरू होने से पहले परिक्रमा मार्ग को व्यवस्थित करने का कार्य शुरू हो गया है। पहले अतिक्रमण हटाने सफाई और कंक्रीट हटाने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद कच्चे परिक्रमा मार्ग में परिक्रमार्थियों के लिए बालू बिछाई जाएगी। यह कार्य रात-दिन चलेगा।
अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक ने बताया कि मंगलवार को रमणरेती से अटल्ला चुंगी तक परिक्रमा मार्ग को अतिक्रमण मुक्त किया गया। बुधवार को अटल्ला चुंगी से केसी घाट तक अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद कच्चे परिक्रमा मार्ग पर बालू बिछाई जाएगी। उस पर सुबह-शाम टैंकरों से पानी का छिड़काव किया जाएगा।