मथुरा। भाई की डांट से क्षुब्ध होकर दो रोज पूर्व घर से बिना बताए गए छात्र का पता चल गया है, वह महाराष्ट्र के अहमद नगर और सोलापुर के मध्य मिला है। वहां जीआरपी ने छात्र को अपने पास बैठा लिया। परिवार के लोग हवाई जहाज से उसे वहां लेने पहुंच गए हैं। कागजी कार्रवाई के बाद उसे मथुरा लाया जाएगा।
14 वर्षीय पार्थ के पिता महोली रोड वेस्ट प्रताप नगर निवासी विजय चौधरी ने बताया कि बेटा मिल गया है। परिवार के लोग उसे लेने के लिए पहुंच गए हैं। श्रीजीबाबा स्कूल गोवर्धन रोड में दसवीं का छात्र दो रोज पूर्व घर से चला गया था।
वहीं जीएलए के बीटेक के छात्र भुवन अग्रवाल का अभी तक सुराग नहीं लग सका है। थाना गोविंदनगर प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने बताया कि पुलिस की कई टीमें तलाश में लगी हैं। कृष्णापुरी क्षेत्र से गुजरते हुए छात्र सीसीटीवी में कैद हुआ है। इसके अलावा अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही छात्र भुवन की सकुशल बरामदगी की जाएगी।