कोसीकलां। श्री रतिराम सरपंच की स्मृति में आयोजित 39वें अंतरराज्यीय कोसी आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मैच पलवल ने अलीगढ़ को 7 विकेट से हराकर जीत लिया और फाइनल में स्थान पक्का कर लिया। फाइनल मैच रविवार को गुरुग्राम और पलवल के बीच होगा।
हिंदू इंटर कॉलेज के मैदान पर शनिवार को आयोजित मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुलवीर सिंह (मिक्की भाई), गजेंद्र चौधरी और विशेष रूप से आमंत्रित अतिथि नगर पालिका चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने टॉस उछाल व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
अलीगढ़ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। पलवल के गेंदबाजों ने 19वें ओवर में पूरी टीम को 102 रनों पर रोक दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलवल टीम 41 रन पर 3 विकेट खोने के बाद थोड़ा लड़खड़ाई, लेकिन मोईन खान और सुंदर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर टीम को 12.3 ओवर में 7 विकेट से जीता कर फाइनल में प्रवेश करा दिया। चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने मैन ऑफ दी मैच सुंदर को दिया। अंपायरिंग अप्पू खान और अनिल सागर ने, जबकि स्कोरिंग मयंक प्रताप और कमेंट्री देवकी नंदन पांडेय ने की।