मथुरा। करोड़ों की लागत से बनाए गए गोकुल बैराज प्रोजेक्ट के रखरखाव की गड़बड़ी के खुलासे की खबर ‘अमर उजाला’ में छपते ही जल निगम और नगर निगम के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। शुक्रवार को अधिकारियों को लेकर गोकुल बैराज का निरीक्षण करने पहुंचे महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु ने दरके चैनल और टैंक की टूटी दीवार देखी तो वह लोग भी दंग रह गए। उधर, लापरवाही छिपाने के लिए जल निगम के अधिकारियों ने चैनल का शटल बंद कर गंगाजल रोक दिया। महापौर ने एक सप्ताह में प्लांट को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उधर, अमर उजाला में खबर छपने के बाद जल निगम के अधिकारियों ने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पर फ्लो मीटर लगा दिया। जिससे अब यहां पर पानी के बहाव को मापा जा सके।
करीब 127 करोड़ की लागत से बने गोकुल बैराज परियोजना के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर जल निगम के अधिकारियों की लापरवाही भारी पड़ती जा रही है। 40-40 एमएलडी के पानी भंडारण टैंक मेें से एक जर्जर होने की स्थिति में है। टैंक की दीवार में चारों और सीलन आने के कारण कई जगह चटकन हो गई है। वहीं, दीवार में अंदर से एक जगह दरार आ गई है। इस दरार से गंगाजल रिसकर बाहर भी आ रहा है। टैंक को जोड़ने वाले चैनल में बड़ी दरार भी आ गई है। दो दिन यह खबर ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित होने के बाद महापौर डॉ. मुकेश आर्यबंधु ने इसे संज्ञान में लिया।
शुक्रवार को जल निगम के परियोजना निदेशक महाराज सिंह, जलकल के महाप्रबंधक रमेश चंद, नगर निगम के मुख्य अभियंता पीके मित्तल तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को लेकर गोकुल बैराज के ट्रीटमेंट प्लांट पर पहुंचे और दरार तथा चटके टैंक की दीवार की जानकारी ली। महापौर ने बैराज के रखरखाव में लापरवाही करने वाले निगम के अधिकारियों को जल्द ही ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गोकुल बैराज के चैनल की दीवार में मौके पर दरार मिली, पानी भी गिर रहा था। अधिकारियों को कहा है कि वह एक सप्ताह के अंदर प्लांट को ठीक करें।
उधर, महापौर का दौरा बुधवार रात को ही तय हो गया था, इसकी जानकारी लगते ही जल निगम के लापरवाह अधिकारियों ने बैराज के 40 एमएलडी के प्लांट का शटल बंद कर दिया ताकि निरीक्षण के समय पानी बाहर ना निकले। इसके बाद भी चैनल की दरार से महापौर को पानी रिसता मिला।
---
दिल्ली से आएगी रबर
जिस रबर को चैनल की दरार में लगाकर पानी का रिसाव रोका जाना है वह रबर दिल्ली में मिलती है। जल निगम के अधिकारियों द्वारा इस रबर को मंगाने में अबतक लापरवाही की जा रही थी। इंजीनियर विभाग की मानें तो रबर को लगाने और दरार को सूखने में करीब तीन दिन का समय लग जाएगा।
--------------
कांग्रेस की उपलब्धि को नहीं संभाल पा रहे भ्रष्ट अधिकारी
कांग्रेस के समय की योजना के आधार पर बने गोकुल बैराज तथा प्लांट को भाजपा शासन काल का भ्रष्ट तंत्र सुरक्षित भी नहीं रख पा रहा है। बैराज के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के चैनल और टैंक की दीवार में आए रिसाव से साफ जाहिर है कि प्लांट जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। बैराज पर पहुंच कर उसकी अवस्था का जायजा लेंगे ।
- प्रदीप माथुर, पूर्व विधानमंडल दल नेता-कांग्रेस
-------
कांग्रेस बैराज पर करेगी प्रदर्शन
यह तो सरासर भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है। जनता के लिए बने करोड़ों के प्रोजेक्ट को ही जब भाजपा संभालकर ही नहीं रख पा रही है तो नये प्रोजेक्ट की उससे कैसे उम्मीद की जा सकती है। हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं और पार्टी द्वारा जल्द ही भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
- दीपक चौधरी, जिलाध्यक्ष-कांग्रेस
---------
रालोद करेगी बैराज की बदहाली का विरोध
गोकुल बैराज के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में दरार आना बहुत बड़ी बात है। यह जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा है। हम इसे बेकार नहीं जाने देंगे और भ्रष्ट लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ गोकुल बैराज पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।
- ताराचंद गोस्वामी, रालोद महानगर संयोजक
--------
रखरखाव में लापरवाही पड़ सकती है भारी
बैराज के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के रखरखाव में लापरवाही भारी पड़ सकती है। इससे जनता को पानी की सप्लाई होनी है। भविष्य में पानी की सप्लाई भी बढ़नी है। यदि ठीक ढंग से रखरखाव नहीं हुआ तो वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी कैसे सप्लाई होगा।
-विष्णु चौधरी- पार्षद
----------
महापौर ने माना लोगों को मिल रहा प्रदूषित पेयजल
मथुरा। महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु ने माना कि गोकुल बैराज से लोगों तक पहुंच रहे पानी की सप्लाई पीने योग्य नहीं है। गुरुवार को उन्होंने इसे लेकर बैराज के प्लांट पर पहुंचकर पानी को पीकर देखा। उन्होंने ब्रजवासियों को मिल रहे प्रदूषित पेयजल की सप्लाई के जल निगम के अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त की तथा उन्हें निर्देश दिए कि वह पाइप लाइनों की जांच करें कि वह कहां से टूटी हैं और उनमें गंदा पानी कहां से मिल रहा है। महापौर ने बताया कि जल निगम के अधिकारी जल्द ही इस संबंध में अपनी रिपोर्ट उन्हें देंगे।
मथुरा। गोकुल बैराज के गंगाजल टैंक के चैनल में आई दरार को देखते महापौर मुकेश अरे बंधु।- फोटो : MATHURA
गोकुल बैराज पर गंगाजल प्रोजेक्ट का निरीक्षण करते महापौर मुकेश आर्य बंधु परियोजना निदेशक महाराज- फोटो : MATHURA
गंगाजल प्रोजेक्ट पर लगाया गया नया फ्लो मीटर।- फोटो : MATHURA