नौहझील (मथुरा)। नौहझील के गांव पारसौली में घर के कमरे में लोहे के एंगल पर भाजपा नेता का शव लटका मिला। गले में प्लास्टिक की रस्सी का फंदा लगा हुआ था। कमरा अंदर से बंद होने पर अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों की सूचना पर पहुंची नौहझील पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को उतारा। सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
गांव पारसौली निवासी आकाश चौधरी (25) पुत्र जयप्रकाश भाजपा के पारसौली बूथ अध्यक्ष थे। शुक्रवार सुबह कमरे से नहीं निकले तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा न खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
सूचना पर पहुंची नौहझील पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को एंगल से उतारा। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया कि युवक ने सुसाइड किया है। सुसाइड का कारण पता नहीं चला है। परिजनों ने कार्रवाई से इनकार कर दिया है।