नगर में जहां-तहां कूड़े के ढेर में लग रही आग और यमुना किनारे डाले जा रहे मलबा डाले जाने की स्थिति शनिवार को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की ओर से नियुक्त आयुक्त ने भी देखी। यमुना के किनारे मलबा डाला जा रहा था। शृंगारवट पर कूड़ा जलता मिला। टंचिंग ग्राउंड पर हालात भगवान भरोसे दिखे। निरीक्षण के बाद आयुक्त बोले कि वृंदावन में कूड़ा निस्तारण के तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। आयुक्त सात अप्रैल को इस संबंध में सुनवाई से पहले एनजीटी को रिपोर्ट सौंप देंगे।
एनजीटी की ओर से नियुक्त आयुक्त राहुल खुराना शनिवार को वृंदावन आए। उन्होंने कोतवाली परिसर में नगर पालिका के ईओ राम आसरे कमल से वृंदावन में कूड़ा निस्तारण संबंधी जानकारी ली। इसके बाद ईओ और याचीकर्ता मधुमंगल शुक्ला के साथ आयुक्त नगर पालिका के पानीगांव रोड पर स्थित टंचिंग ग्राउंड पर पहुंचे। यहां मुख्य दरवाजा रस्सी से बांधकर बंद किया हुआ था। अंदर की स्थिति पर भी उन्होंने असंतोष जताया। टंचिंग ग्राउंड के फोटो लिए, वीडियो रिकार्डिंग भी की।
आयुक्त ने ईओ से टंचिंग ग्राउंड पर कूड़ा निस्तारण के लिए खोदे गए गड्ढों के अधूरे निर्माण पर भी नाराजगी जताई और पूछा कि इनका निर्माण कब से चल रहा है। ईओ से तय मानकों के अनुसार कार्य होने की भी जानकारी ली। टंचिंग ग्राउंड में सूखा कूड़ा देखकर उन्होंने ईओ से सवाल किया कि यह कूड़ा कितने समय पुराना है और हाल के दिनों में कूड़े का निस्तारण कहां किया जा रहा है।
ईओ ने बताया कि यहां निर्माण कार्य होने से पिछले बीस दिनों से कूड़ा दूसरे स्थान पर पागल बाबा क्षेत्र में डलावघर में डाला जा रहा है। यह सुन राहुल खुराना वहां चल दिए। यहां जलते कूडे़ पर टैंकर से फैल रहे पानी को देख वह नाराज हुए और टैंकर को हटवाया। राहुल खुराना ने वृंदावन में खुले में बनाए गए डलावघरों का निरीक्षण किया। उन्होंने इन स्थानों के फोटो लिए और वीडियो रिकार्डिंग भी की।
यमुना के घाटों का भी किया निरीक्षण
एनजीटी की ओर से नियुक्त आयुक्त राहुल खुराना ने यमुना किनारे घाटों पर डाले जा रहे मलबे की सच्चाई जानने के लिए परिक्रमा मार्ग और घाटों का निरीक्षण भी किया। वह जुगलघाट, बिहारघाट, चीरघाट, शृंगारवट, केशीघाट आदि स्थानों पर पहुंचे। शृंगारवट क्षेत्र में उनको कूड़ा जलता हुआ मिला। उन्होंने यहां वीडियो रिकार्डिंग की और ईओ से जवाब तलब किया। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों के बयान भी लिए। उन्होंने यमुना किनारे मलबा गिरने से रोकने संबंधी पालिका की ओर से किए गए कार्यों की जानकारी भी ईओ से ली।
‘कूड़ा निस्तारण के मानकों का नहीं हो रहा पालन’
एनजीटी की ओर से नियुक्त आयुक्त राहुल खुराना निरीक्षण के बाद मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने बताया कि वृंदावन में कूड़ा निस्तारण के लिए तय मानकों का पालन नहीं हो रहा है। इसके लिए ठोस प्रबंधन के साथ शहरी क्षेत्र में जगह-जगह से एकत्रित कूड़े को टंचिंग ग्राउंड तक पहुंचाने की व्यवस्था होनी चाहिए जो यहां नहीं देखी गई। उन्होंने बताया कि आवासीय क्षेत्रों मे डलावघर होने के साथ नगर के प्रमुख मार्गों पर गायों को कूड़ा खाने की स्थिति को भी रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा। एनजीटी ने डलावघर और नगर के अंदर कूड़ा प्रबंधन के दो मुख्य बिंदुओं पर रिपोर्ट देने के लिए आदेश दिया है। वे 7 अप्रैल को होने वाली सुनवाई से पूर्व एनजीटी को ये रिपोर्ट दे देंगे।