आगरा से निजामुद्दीन लौट रही सेमी हाईस्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस रैपुरा जाट के समीप रेल लाइन पर सांड़ से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। हादसे में सांड़ की मौत हो गई और वह इंजन में फंस गया। रेलकर्मियों और स्थानीय लोगों ने गांववासियों की मदद से सांड़ को इंजन से निकाला। इसके बाद ट्रेन रवाना हुई।
देश की सबसे तेज स्पीड से चलने वाली ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस सोमवार शाम को आगरा से निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के लिए चली थी। कीठम रेलवे स्टेशन निकलने के बाद रैपुरा जाट के समीप अचानक ट्रैक पर सांड आ गया।
ट्रेन की स्पीड काफी तेज होने के चलते सांड ट्रैक से नहीं हट सका और ट्रेन की चपेट में आ गया। इसके बाद सांड इंजन में ही फंसकर मर गया। चालक ने ट्रेन को रोक दिया। सूचना पर पहुंची रेलकर्मी और स्थानीय ग्रामीणों ने इंजन में फंसे सांड़ को बमुश्किल इंजन से बाहर निकाला। इसके बाद करीब 20 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
06.40 बजे स्टेशन से पास हुई गतिमान
गतिमान एक्सप्रेस का शाम को जंक्शन रेलवे स्टेशन से पास करने का समय 6:22 बजे का है। दुर्घटना के चलते गतिमान एक्सप्रेस सोमवार शाम को करीब 18 मिनट देरी से 6:40 बजे जंक्शन को क्रास कर पाई।
आगरा से निजामुद्दीन जाते समय गतिमान एक्सप्रेस किसी जानवर से टकरा गई थी। इसके चलते ट्रेन करीब 15-20 मिनट खड़ी रही।
भूपिंदर ढिल्लन
- जनसंपर्क अधिकारी, आगरा मंडल