मथुरा। एक बार फिर नगर निगम की 10 मार्च को होने वाली बोर्ड मीटिंग स्थगित कर दी गई है। बार-बार बोर्ड मीटिंग को स्थगित करने की मंशा पर पार्षदों ने कार्य की परिपाटी खत्म किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। इन पार्षदों का कहना है कि ऐसे ही बोर्ड मीटिंग स्थगित होती रही तो कार्य कैसे होंगे।
27 फरवरी को नगर निगम की बोर्ड मीटिंग रखी गई थी। इस मीटिंग को नगर निगम ने स्थगित करते हुए एक मार्च की तिथि निश्चित कर दी। एक मार्च को यह बोर्ड मीटिंग नहीं बुलाई गई। इसे भी अचानक स्थगित करते हुए 10 मार्च को यह बोर्ड मीटिंग बुलाई गई। 10 मार्च आने से दो दिन पहले नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल ने इस बोर्ड मीटिंग को स्थगित करने का फरमान जारी कर दिया।
आगामी होने वाली बोर्ड मीटिंग की जानकारी देने के लिए पत्र में लिखा गया है। भाजपा पार्षद हेमंत अग्रवाल और राजेश सिंह पिंटू ने बताया कि लगातार बोर्ड मीटिंग को स्थगित करके नगर निगम में कार्य की परिपाटी खत्म की जा रही है। सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल ने बताया कि किन्हीं कारणों ने यह बोर्ड मीटिंग स्थगित की गई है। जल्द ही नई तिथि तय करके बोर्ड मीटिंग कराई जाएगी।