मथुरा। नगर निगम की सार्वजनिक भूमि पर बने निजी सीवर टैंकों को अब जल्द ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करते हुए हटाया जाएगा। यह निर्णय सड़क निर्माण से पूर्व क्षेत्र के निवासियों ने नगर आयुक्त को दिए शिकायती पत्र के बाद लिया।
नगर निगम के वार्ड-35 शक्ति नगर महोली रोड पर सड़क का निर्माण होना है, लेकिन सड़क किनारे कई मकान स्वामियों ने निजी सीवर टैंक बना रखे हैं। यह सड़क से ऊंचे हैं, इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी बीच जल निगम सड़क निर्माण कराएगा, लेकिन वहां के निवासी चाहते हैं कि पहले सड़क पर बने टैंक हटाए जाएं।
शक्ति नगर महोली रोड निवासियों ने एक शिकायती पत्र नगर आयुक्त को दिया, जिस पर नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जल को मौखिक आदेश दिए कि वह कार्रवाई करें। आदेश मिलते ही महाप्रबंधक जल ने अपने अवर अभियंताओं को निर्देशित किया है कि वह अपने संबंधित वार्ड में ऐसे मकान स्वामियों की सूची तैयार करें, जिन्होंने नगर निगम की भूमि पर टैंक बनाए हुए हैं।
सात दिन में इसकी जानकारी दें, ताकि उन्हें तोड़कर जल्द सड़क निर्माण कार्य कराया जाए। नगर आयुक्त अनुनय झा का कहना है कि काफी संख्या में लोगों ने आम सड़क के नीचे अपने टैंक बना लिए हैं, जो आए दिन तरह तरह की समस्या खड़ी करते हैं। अब निर्णय लिया जा रहा है जिस इलाके में सड़क बनेगी वहां से निजी टैंक हटाए जाएंगे।