मथुरा। लॉकडाउन थ्री खत्म होने के बाद प्रदेश के रेड जोन में भी यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू होने जा रहा है। इसके लिए जनपद के चारों मूल्यांकन केंद्रों की रिपोर्ट बोर्ड को डीआईओएस ने भेज दी है। इसमें चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज सहित सभी केंद्रों को हॉटस्पॉट से बाहर दर्शाते हुए मूल्यांकन का रास्ता साफ कर दिया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ग्रीन और ऑरेंज जोन के बाद अब रेड जोन में भी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने की तैयारी में है। इसके लिए सचिव नीना श्रीवास्तव ने गत दिवस डीआईओएस से रिपोर्ट मांगी थी कि कोई केंद्र हॉटस्पॉट एरिया में तो नहीं है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट से राय लेने के बाद यह रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी गई है।
जनपद से भेजी गई रिपोर्ट के मुताबिक राजकीय इंटर कॉलेज मथुरा, चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज, ब्लैक स्टोन इंटर कॉलेज और केआर इंटर कॉलेज हॉटस्पॉट इलाके में नहीं हैं। इसमें सबसे अधिक उलझन कोतवाली से सटे चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज को लेकर थी। अब इसके मुख्य द्वार को बंद रखते हुए भरतपुरगेट वाले द्वार से एंट्री खोलते हुए हॉटस्पॉट से बाहर मना गया है। हालांकि जिन क्षेत्रों में यह विद्यालय स्थित है, वहां पुलिस की गतिविधियां हॉटस्पॉट वाली ही हैं।
सात प्रतिशत हुआ है अभी तक मूल्यांकन
जनपद में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अभी तक सिर्फ सात प्रतिशत ही हुआ है। शुरुआती दौर में ही मूल्यांकन को रोक दिया गया था। जनपद में करीब चार लाख उत्तर पुस्तिकाएं मौजूद हैं, जिनका मूल्यांकन किया जाना है।