नंदगांव। भगवान श्रीकृष्ण को मातृत्व सुख देने वाली यशोदा मैया का जन्मदिन मंगलवार को नंदभवन में धूमधाम से मनाया गया। मंदिर परिसर को फूलों एवं गुब्बारों से सजाया गया। ठाकुरजी को 56 भोग लगाए और भंडारा हुआ।
विज्ञापन
मंदिर परिसर में नंदगांव और बरसाना के गोस्वामीजन द्वारा समाज गायन किया गया। यशोदा कुंड पर भी समाज गायन हुआ। पौराणिक ग्रंथों के अनुसार देवकी के गर्भ से जन्मे वासुदेव कृष्ण का लालन-पालन नंदबाबा और मां यशोदा ने किया था। नंदबाबा श्रीकृष्ण के जन्म के समय गोकुल में रहते थे, लेकिन कंस के अत्याचार के चलते नंदीश्वर पर्वत पर आकर बस गए।
यहां नंदबाबा ने अपने नाम से नंदगांव बसाया और कृष्ण-बलराम का पालन-पोषण किया। मां यशोदा का मायका नंदगांव के समीपवर्ती गांव मेहराना में है। द्वापर में फागुन मास की कृष्ण पक्ष की छठ को यशोदा का जन्म हुआ था। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण के प्रतिनिधि नरदेव चौधरी व समाजसेवी दानबिहारी चौधरी ने समाजियों का स्वागत किया।