कान्हा माखन पब्लिक स्कूल की छात्राएं।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को परीक्षा के समय तनाव से दूर रहने के टिप्स दिए। लगभग सवा दो घंटे तक चले इस कार्यक्रम में देश भर से विद्यार्थियों को बुलाया गया। इस कार्यक्रम में मथुरा के कान्हा माखन पब्लिक स्कूल की महक अग्रवाल और केंद्रीय विद्यालय रिफाइनरी की कृतिका माहेश्वरी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल हुईं।
दोनों छात्राओं को ये सपने जैसा लगा। कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने छात्रों को तनाव मुक्त होकर पढ़ाई करने के कई टिप्स दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम विफलताओं में भी सफलता की शिक्षा पाई जा सकती है। हर प्रयास में हम उत्साह भर सकते हैं। किसी चीज में आप विफल हो गए तो उसका मतलब है कि अब आप सफलता की ओर चल पड़े हो।
कान्हा माखन पब्लिक स्कूल की 10वीं की छात्रा महक कहतीं हैं कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वह कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को करीब से देख पाएंगी। केंद्रीय विद्यालय रिफाइनरी की 11 वीं की छात्रा कृतिका माहेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री को सामने देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के दौरान दिए गए टिप्स को अच्छी प्रकार सुना और उसको जीवन में उतारने का निर्णय किया है। उधर, छात्राओं के परिजनों ने भी बेटियों की प्रतिभा पर गर्व किया है।
स्कूलों में बच्चों को दिखाया गया सजीव प्रसारण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्कूली बच्चों से संवाद कार्यक्रम को मथुरा के स्कूलों में सजीव प्रसारण दिखाया गया। मथुरा के केंद्रीय विद्यालय रिफाइनरी, कान्हा माखन पब्लिक स्कूल, रतनलाल फूल कटोरी बालिका विद्यालय, केडीएस इंटरनेशनल स्कूल, सेंट पाल, सत्यादेवी गर्ग सरस्वती विद्या मंदिर वृंदावन आदि स्कूलों में आज टीवी सेट और प्रोजेक्टर लगाए गए। बच्चों ने भी प्रधानमंत्री के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को देखा।
कान्हा माखन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अनिल अग्रवाल महक अग्रवाल को शुभकामनाएं दीं हैं। प्रधानाचार्य अनिल यदुवंशी ने छात्र व छात्राओं को बताया कि वह पीएम मोदी द्वारा दिये गय टिप्सों को परीक्षा के दौरान पालन करें जिससे उन्हे परीक्षा के दौरान निश्चित मदद मिलेगी। केसीएस ग्रु्प के चेयरमैन महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बच्चे पीएम मोदी के बताए गए टिप्स को ध्यान में रखकर परीक्षा की तैयारियों में जुट जाएं।