कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने कहा है कि भाजपा ही उत्तर प्रदेश में विकास करा सकती है। सपा और बसपा ने भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी से प्रदेश का सत्यानाश कर दिया है। दोनों दल जातिवाद की राजनीति करते हैं। भाजपा भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देगी।
कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री रविवार को कोसीकलां के गांव कांमर में भाजपा प्रत्याशी चौधरी लक्ष्मीनारायण के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। संजीव बालियान ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जिसमें हर जाति और धर्म का बराबर सम्मान है।
समाजवादी पार्टी ने दंगों के दौरान और दंगों के बाद भी मुजफ्फरनगर के साथ जो किया वह ठीक नहीं था। जवाहरबाग में यदि पुलिस न होती तो न जाने कितने लोगों की जान जाती। मथुरा में तो जवाहर बाग कांड में हमने क्या देखा जो हमने मुजफ्फरनगर, ठाकुरद्वारा में देखा।
उन्होंने प्रदेश में सरकार बनने के बाद मथुरा, आगरा की पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने, गेहूं, धान की खरीद मंडी में कराने और किसानों का कर्ज माफ करने के वादे पूरे करने की बात कही। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खनन घोटाला, शराब घोटाला, हाईवे घोटाला का जब खुलासा होगा तो बुआ-भतीजा दोनों साथ में जेल जाएंगे।
प्रदेश भाजपा सहप्रभारी रमेश बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार पांच वर्षों में इतने काम करेगी कि विरोधी पार्टियां साठ साल में नहीं कर पाईं। सभा में पूर्व एमएलसी लेखराज चौधरी, जिलाध्यक्ष तेजवीर सिंह, तरुण सेठ, निर्भय पांडेय, मनोज फौजदार, नरदेव चौधरी, पदम बाबूजी, धर्मवीर शर्मा, सतवीर सांगवान, लोहर बाबू आदि भी उपस्थित रहे।
दो घंटे देरी से पहुंचे बालियान
मौसम खराब होने से कृषि राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान दो घंटे देरी से दोपहर में दो बजे सभा में पहुंचे। कांमर में उन्हें हेलीकाप्टर से आना था लेकिन गुरुग्राम में मौसम खराब होने से वह सड़क मार्ग से कांमर आए। हेलीकाप्टर बाद में सभा के दौरान गांव पहुंचा। हेलीकाप्टर के आने पर उसे देखने के लिए लोग सभा से उठकर जाने लगे। मंच पर मौजूद पदाधिकारियों उनको रोकते रहे।