मथुरा। सर्वोदयी ब्राह्मण विकास संस्थान की बैठक कैंप कार्यालय जगन्नाथपुरी में अध्यक्ष मुकुट मणि शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें 16 अगस्त को चित्रकूट मसानी में आयोजित होने वाले मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह की तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान संस्थान के अध्यक्ष पंडित सोहनलाल शर्मा ने संस्थान की वार्षिक पत्रिका एक परिचय का विमोचन किया।
बैठक का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि पत्रिका में बच्चों और समाज के उत्थान से जुड़े लेखों के साथ संस्थान द्वारा वर्षभर किए गए कार्यों का विवरण शामिल है। बताया गया कि समारोह के लिए अब तक 417 विद्यार्थियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। चयनित विद्यार्थियों से अपने माता-पिता के साथ 16 अगस्त को दोपहर दो बजे कार्यक्रम स्थल चित्रकूट मसानी पहुंचने का आग्रह किया गया है। समारोह में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप, डेस्कटॉप कंप्यूटर और स्मार्टफोन प्रदान किए जाएंगे। बैठक में नारायण प्रसाद शर्मा, दिलीप पांडेय, बिहारीलाल गोस्वामी, दिवाकर आचार्य, राकेश गौड़, पीपी शर्मा, विवेक उपाध्याय, सुरेंद्र, जयप्रकाश शर्मा आदि उपस्थित रहे।