मथुरा। धर्मनगरी मथुरा-वृंदावन को सुंदर, स्वच्छ और आधुनिक बनाने की दिशा में नगर निगम काम करा रहा है। सौंदर्यीकरण, मार्ग निर्माण के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इस पर भजन और ब्रज के आराध्य की लीलाएं दिखाई जाएंगी। महापौर विनोद अग्रवाल ने इसी तरह की 20.50 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं को हरी झंडी दी है। इनके धरातल पर उतरने से न केवल स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी, बल्कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी एक दिव्य और सुगम अनुभव प्राप्त होगा।
नगर निगम ने अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत बिरला मंदिर से पागल बाबा मंदिर के बीच मार्ग को विशेष पहचान देने का निर्णय लिया है। पांच करोड़ रुपये की लागत से इस मार्ग पर भव्य श्रीकृष्ण भक्ति स्तंभों का निर्माण कराया जाएगा। इन स्तंभों के माध्यम से आने वाले श्रद्धालुओं को ब्रज की संस्कृति और भक्तिमय वातावरण की अनुभूति होगी। शहर के कई वार्डों में लंबे समय से चली आ रही जल निकासी और खराब सड़कों की समस्या को दूर कराया जाएगा। वार्ड 49 में डैंपियर नगर के गुरु नानक नगर परिक्रमा मार्ग और कैलाश नगर क्षेत्र में सीसी सड़क व नाला निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वार्ड-52 में चंद्रपुरी के प्रह्लाद नगर में पुलिया से बिर्जापुर गांव तक जल निकासी दुरुस्त करने के लिए दो करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा। इसी तरह से शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर 5.50 करोड़ रुपये की लागत से एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।
पांच करोड़ रुपये की लागत से गोवर्धन चौराहा अंडरपास, टाउनशिप चौराहा अंडरपास और गोकुल रेस्टोरेंट अंडरपास को आकर्षक लाइटिंग से सजाया जाएगा। महापौर ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया के बाद ये परियोजनाएं धरातल पर उतारी जाएंगी। ताकि स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और धर्मनगरी का एहसास हो सके।