मथुरा। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 27 व 28 मई को आयोजित तीसरी ओपन एशियन ताइक्वांडो आईटीएफ चैंपियनशिप 2023 में मथुरा की बेटी ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में अन्य देशों के भी खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
यूपी ताइक्वांडो फेडरेशन के अध्यक्ष संजय चौहान ने बताया कि एशियन ताइक्वांडो आईटीएफ चैंपियनशिप में भारत के साथ कजाकिस्तान, नेपाल, मलेशिया, चीन, वियतनाम, इथोपिया के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपना दमखम दिखाया था। इसमें भारत की टीम का हिस्सा रही मथुरा की वेदिका चौहान ने ब्लैक बेल्ट केटेगरी में 55 से 60 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश व प्रदेश के साथ मथुरा जिले का भी नाम रोशन किया। बताया कि प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि मास्टर विलियम जैकप बॉस 9 डिग्री ब्लैक बेल्ट रहे।
अध्यक्ष ने बताया कि इस से पहले वैदिका ने ऋषिकेश में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप 2022 में भी स्वर्ण पदक जीता था। एशियन चैंपियनशिप के अपने प्रदर्शन के आधार पर आगामी विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप में वेदिका चौहान भारत की तरफ से भाग लेंगी। एशियन चैंपियनशिप भारत के नाम रही। दूसरा स्थान नेपाल ने एवं तीसरा स्थान कजाकिस्तान ने हासिल किया। वेदिका चौहान कंप्यूटर साइंस से अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी की छात्रा है और कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से बीटेक कर रही है। वेदिका के इस प्रदर्शन पर स्थानीय खेल संघों एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए बधाई दी है।