मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान स्थित श्री केशवदेव मंदिर में वसंत पंचमी के अवसर पर वसंती छटा बिखरेगी। ठाकुर केशवदेव वसंती स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे। इस बार वसंत पंचमी २६ जनवरी को है। इसी दिन से ब्रज में होली का उत्सव शुरू हो जाएगा।
ब्रजक्षेत्र में वसंती ऋतु का विशेष महत्व है। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर भिन्न प्रकार के आयोजन होते हैं। इसी प्रक्रिया में श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर वसंती पंचमी को श्रीकेशवदेव मंदिर को वसंती स्वरूप प्रदान किया जाता है। इस बार वसंत पंचमी 26 जनवरी को मनाई जा रही है। बृहस्पतिवार को सायं 3 बजे से ठाकुर श्रीकेशवदेवजी महाराज वसंती स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे।
ठाकुरजी का वसंती शृंगार भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके लिए कारीगरों द्वारा तैयारियां लगभग पूर्ण की जा रहीं हैं। गौरतलब रहे कि वसंती पंचमी से श्रीकृष्ण जन्मस्थान के सभी मंदिरों में होली महोत्सव का शुभारंभ भी हो जाता है। होली महोत्सव पूरे फाल्गुन मास तक अबीर-गुलाल-फूलों की होली ठाकुरजी के साथ आने वाले श्रद्धालुआें के साथ खेली जाती है।
द्वारिकाधीश में पूर्णिमा को गडे़गा होली का डांढा
श्रीद्वारिकाधीश मंदिर में पूर्णिमा के दिन होली का डांढा गड़ेगा। 6 फरवरी से ब्रज के सुप्रसिद्ध रसियाओं का गायन शुरू हो जाएगा। मंदिर की विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एड ने बताया की वसंती पंचमी के दिन से ठाकुरजी को अबीर-गुलाल लगाया जाता है जो कल प्रात: राजभोग के दर्शन में धराया जाएगा। 6 फरवरी से रसिया गायन प्रारंभ होगा। पुष्टिमार्ग में वसंत पंचमी से ठाकुर जी केवल अंदर ही होली खेलते हैं।