गोवर्धन (मथुरा)। दरोगा की गैर इरादतन हत्या के आरोप में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान किया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अन्य आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
गौरतलब है कि 31 दिसंबर की रात गोवर्धन थाने में तैनात दरोगा रामकिशन, कांस्टेबल अनुज कुमार, अमित कुमार, चालक अतेंद्र कुमार सौंख रोड स्थित राजीव तिराहे पर गश्त कर रहे थे। रात 1:30 बजे कार सवार लोगों ने पुलिसकर्मियों को रौंद दिया था।
थाने की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी। दरोगा सहित घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया था। एक जनवरी को दरोगा रामकिशन की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। हेड कांस्टेबल देवी सिंह ने कार चालक कान्हा पुत्र नरेंद्र सहित चार-पांच अन्य लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने कान्हा उर्फ हर्ष प्रोहित पायसा गोवर्धन व चंदू उर्फ चंद्रशेखर निवासी बड़ा बाजार गोवर्धन को हिरासत में लेकर घटनाक्रम के संबंध में साक्ष्य जुटाए।
सीओ गौरव कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दरोगा की हत्या के मुकदमा में वांछित दो लोगों को गिरफ्तार कर चालान किया है। उनसे पूछताछ में अन्य नाम भी सामने आए हैं। उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।