मथुरा। टोल प्लाजा पर मारपीट करते दबंग।
- फोटो : MATHURA
मांट (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे के जाबरा टोल पर बृहस्पतिवार शाम को बंद लाइन से निकलने को लेकर हुए विवाद में कार सवारों ने हंगामा करते हुए टोल कर्मचारी के साथ मारपीट की। सुरक्षा गार्ड व साथी कर्मचारी मूकदर्शक बने रहे। सूचना पर टोल पुलिस नहीं पहुंची। कार सवार धमकी देते हुए चले गए।
यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा की ओर से आई कार बंद लाइन पर खड़ी हो गई। उसमें सवार युवक उस लाइन को खोलने को कहने लगे। टोल कर्मचारी अजय कुमार ने उन्हें दूसरी लाइन से निकालने को कहा। इसी बात पर कहासुनी होने पर कार में सवार युवकों ने टोल कर्मचारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। करीब 250 मीटर दूर बनी टोल पुलिस चौकी को भी हंगामा व मारपीट की सूचना दी गई, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। मारपीट का किसी ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
टोल चौकी इंचार्ज प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि टोल पर मारपीट की घटना का वीडियो उनके संज्ञान में भी आया है, लेकिन घटना के संबंध में कोई शिकायत अथवा तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।