मथुरा। शहर के मंडी रामदास की गली रामपाल में कंबल बेचने आए बाइक सवार तीन युवकों ने सम्मोहन कर हलवाई के घर से साढ़े सात हजार रुपये और सोने की अंगूठी ठग ले गए। जाते हुए तीन कंबल भी छोड़ गए। ठगी करने वाले तीनों सीसीटीवी में कैद हुए हैं। सूचना पर पहुंची गोविंदनगर पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई, पर अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
थाना गोविंदनगर की गली रामपाल निवासी किशन पेशे से हलवाई हैं। बुधवार की दोपहर उनके घर पर पत्नी सविता और भाभी मीनू के अलावा परिवार की दो महिलाएं थीं। इसी बीच कंबल बेचने के लिए बाइक से तीन युवक आए। दो तो घर के अंदर आए, जबकि एक बाइक स्टार्ट करके बाहर ही खड़ा रहा।
कंबल बेचते हुए दोनों ठगों ने साढ़े सात हजार रुपये और सविता की अंगूठी भी ले ली। तीनों कंबल छोड़कर यह ठग बाइक से भाग खड़े हुए। थोड़ी देर बाद महिलाओं को अपने साथ ठगी का अहसास हुआ तो शोर मचाया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
डायल ११२ पर सूचना दी गई तो गोविंदनगर पुलिस ने पहुंचकर जानकारी जुटाई। तीनों ठग सीसीटीवी में भागते हुए कैद हुए हैं, पर पुलिस ने अभी तक इस तरफ कोई खास ध्यान नहीं दिया है। गोविंदनगर पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई भी मुकदमा दर्ज नहीं किया है। सीओ सिटी अभिषेक तिवारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।