मथुरा। अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना जमुनापार के लक्ष्मी नगर के पास बुधवार की सुबह राया की तरफ से आते डंपर ने एक्टिवा में टक्कर मार दी, जिससे रमेश चंद (50) पुत्र आदिराम निवासी रसखान नगरी की मौत हो गई।
दूसरी दुर्घटना हाईवे थाना के नवादा के पास हुई, जिसमें वाहन का इंतजार कर रहे एक युवक को आगरा की तरफ से आती ईको कार ने रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल हुए युवक को जयपुर ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
रिफाइनरी की कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक संख्या 39 में रहने वाला निखिल (18) पुत्र चिंटू वर्मा मंगलवार की दोपहर नवादा कट पर वाहन के इंतजार में खड़ा था, तभी आगरा की ओर से तेज गति से आती ईको कार ने युवक को रौंद दिया।
बताते हैं कि मृत युवक की गोवर्धन चौराहे पर हेयर सैलून की दुकान है। एक अन्य दुर्घटना चौकी कृष्णा नगर क्षेत्र में हुई। पुल के नीचे अज्ञात वाहन ने बबलू (25) पुत्र सुक्कन निवासी महाविद्या कॉलोनी गोविंदनगर को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।