मथुरा। हम बूथ जीतेंगे तो चुनाव जीतेंगे। मेरा बूथ कैसे होगा मजबूत। इसके लिए हमें शक्ति केंद्र से बूथ समितियों का सत्यापन करना है। शक्ति केंद्रों से ही विधानसभा चुनाव की जीत तय होगी। उक्त बातें आगरा छावनी से विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने मथुरा महानगर के बूथ समिति सत्यापन के लिए हुई बैठक में कहीं।
कहा कि प्रत्येक के पास पांच से आठ बूथों की जिम्मेदारी होगी। बूथों के सत्यापन की शुरुआत सोमवार से होनी है। कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में हर बूथ पर जाकर बताना है। प्रधानमंत्री के मन की बात प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को हर बूथ पर सुनना और सुनाना है।
भाजपा जिला कार्यालय पर हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि बूथ समितियों के गठन और सत्यापन को लेकर यह बैठक बुलाई है और कार्यकर्ताओं को बूथ सत्यापन से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। बैठक में पूर्व महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर, पूर्व पालिका अध्यक्ष वृंदावन मुकेश गौतम, राजकुमार अग्रवाल, डीएन गौतम, राजू यादव, श्याम चतुर्वेदी, पिछड़ा वर्ग महानगर अध्यक्ष दीपक गोला, पूजा चौधरी, जहीर अब्बास जैदी, राघव अग्रवाल, विनोद चौधरी सहित शक्ति केंद्रों के प्रमुख, मंडल प्रभारी एवं सभी मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे। संचालन महानगर महामंत्री प्रदीप गोस्वामी ने किया।