मथुरा। कोरोना काल के बाद शासन ने बंदियों से उनके परिजन की मुलाकात पर लगी रोक तो हटा दी है लेकिन अब मिलाई जेल के नए नियमों और बंदिशों के तहत होगी। यह मिलाई 16 अगस्त से प्रारंभ हो जाएगी। बंदी अब परिजन से गले नहीं मिल सकेंगे।
कुछ नई शर्तों के साथ बंदियों से मुलाकात प्रारंभ हो जाएगी। पहले सप्ताह में तीन बार बंदी से मुलाकात होती थी, अब सप्ताह में सिर्फ एक बार ही एक बंदी से मुलाकात हो सकेगी। जबकि पहले एक बंदी से एक बार में तीन लोग मिल सकते थे लेकिन अब मिलने वालों की संख्या मात्र दो ही की है। जो व्यक्ति मिलना चाहता है उसे अपनी कोविड की जांच आरटीपीसीआर मात्र दिन पहले ही करानी होगी। जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार ने बताया कि जेल में अब नई शर्तों के साथ 16 अगस्त से बंदी अपने परिजन से मिल सकेंगे।
बंदी अब नए नियम के मुताबिक अपने परिजन के गले नहीं मिल सकेंगे। बंदी और परिजन के बीच में करीब दो मीटर का फासला रहेगा। इस फासले के बीच में दो लोहे की जाली लगी होंगी। जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार ने बताया कि यदि एक दफा कोई व्यक्ति बिना वैक्सीनेशन के अपने परिजन से मिलने आ गया तो मिलने तो दिया जाएगा लेकिन बाद में उसे वैक्सीनेशन के लिए कहा जाएगा।
जेल को मिले दस हॉट केस
जेल में अब बंदियों को ठंडी रोटियां नहीं खानी पड़ेंगी। रोटी बनने के बाद गरम बनी रहें, इसके लिए नोएडा के एक हॉस्पिटल ने 700-700 रोटियों की क्षमता वाले दस हॉट केस सौंपे हैं। इन हॉट केस के आने से रोटी सिकने के बाद इनमें रखी जा सकेंगी। हॉट केस सौंपने के दौरान जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार, जेलर महाप्रकाश सिंह, डिप्टी जेलर संदीप कुमार, अतुल कुमार के अलावा हॉस्पिटल के चिकित्सक कपिल त्यागी भी मौजूद थे।