मथुरा। जिले की बिगड़ी कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मंगलवार की रात एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने चौकी प्रभारियों के पेच कसे। उन्होंने सभी को कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने का पाठ पढ़ाया।
बैठक में एसएसपी ने सख्त लहजे में कहा कि कानून व्यवस्था में लापरवाही बरतने और पीड़ित की सुनवाई न करने वाले चौकी प्रभारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जुआ, सट्टा, गांजा, अवैध शराब और गोतस्करी जैसे अपराधों पर प्रभावी तरीके से रोकथाम के लिए विशेष कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। कृष्णानगर चौकी प्रभारी को फटकारते हुए क्षेत्र में चोरी पर अंकुश लगाने को कहा।
साथ ही कहा कि चौकी पर ही जनसुनवाई को प्रभावी बनाया जाए। अपराध होने पर तत्काल हरकत में आएं। इसके अलावा घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराने व समयबद्ध तरीके से अभियोग की विवेचनात्मक कार्रवाई करके पीड़ित को न्याय दिलाएं। उन्होंने चौकियों पर आवश्यक संसाधनों के लिए मांगपत्र देने को कहा।